फुलपरास थाना क्षेत्र के सिसवार बेलदरी चौक के निकट शुक्रवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के एकह्त्था गांव निवासी मो. फिरोज (18 वर्ष) व महाराजपुर गांव निवासी सरफराज हुसैन (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि सीमेंट लदा ट्रक सड़क पर खड़ा था। अंघेरा होने के कारण बाइक सवार को ट्रक नहीं दिखा और अचानक बाइक पीछे से टकरा गयी। ठोकर इतनी जोर से लगी कि बाइक के साथ साथ दोनों सवार ट्रक के अंदर घुस गए। दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी।
फुलपरास थानाध्यक्ष ललन प्रसाद चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। ट्रक व क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।




