पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई
● बांका 10.5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा
तापमान में गिरावट से रबी की फसल होगी अच्छी
कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार बताते हैं कि ठंड बढ़ने से रबी की फसल बेहतर होने की संभावना है। धान की कटनी शुरू होने के बाद अब गेहूं व तिलहन की फसल बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ठंड बढ़ने से विशेष रूप से आलू की फसल को फायदा होगा। वहीं, गेहूं की बुआई अब शुरू होने वाली है। ऐसे में ठंड की दस्तक ने गेहूं, सरसों, जौ समेत अन्य रबी फसलों के बढ़िया होने की बात कृषि वैज्ञानिक बता रहे हैं।
पटना,वरीय संवाददाता। पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह राजधानी समेत पूरे प्रदेश में बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के सभी जिलों के तापमान में गिरावट जारी है। पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में ज्यादा अंतर रहने से अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। उधर, कोहरे के कारण ट्रेनों का विलंब होना शुरू हो गया है।
मंगलवार को राजधानी के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की गिरावट आई है। पटना का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री व अधिकतम 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को 22 जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है। बांका जिला 10.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। सीवान, सारण, रोहतास, औरंगाबाद, गया, सीतामढ़ी, वैशाली, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर, सबौर, बांका, फारबिसगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार जिले के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आने से इन जिलों में ठंड में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, प्रदेश के वाल्मीकिनगर, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर एवं समस्तीपुर के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, दक्षिणी भाग में सुबह के समय कोहरे की संभावना है।
मौसम का मिजाज
देहरादून-हावड़ा कुंभा एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे देरी से पहुंची पटना
पटना। पटना से होकर गुजरने वाली ट्रेनों समेत पूर्व मध्य रेल के सभी रेलमंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी शुरू हो गई है। पटना से झाझा रूट से आगे जाने वाली ट्रेनों से लेकर पटना डीडीयू रेलखंड की ट्रेनों की देरी की शिकार रही। 12370 देहरादून हावड़ा कुंभा एक्सप्रेस पटना जंक्शन पर साढ़े तीन घंटे की देरी से आई। यह ट्रेन निर्धारित समय शाम के साढ़े पांच बजे की जगह नौ बजे आने की सूचना थी। 13006 अमृतसर हावड़ा मेल जंक्शन पर आधा घंटे की देरी आई। उधर, पटना डीडीयू रेलखंड पर 12367 भागलपुर आनंदविहार विक्रमशीला एक्सप्रेस पटना डेढ़ घंटे की देरी से आई। यह ट्रेन पटना जंक्शन पर शाम सवा छह बजे आई। 12327 हावड़ा देहरादून उपासना एक्सप्रेस पटना जंक्शन पर चार घंटे की देरी से आने की सूचना के संग चल रही थी। इस ट्रेन का निर्धारित समय रात के पौने नौ बजे की जगह रात साढ़े 12 बजे आने की सूचना थी।
वहीं, नई दिल्ली से राजेंद्र नगर आने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस भी पटना जंक्शन पर करीब आधा घंटे की देरी से खुली। उधर, पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल में भी कोहरा की दस्तक शुरू हो गई है। समस्तीपुर रेल मंडल के परिचालन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रेल परिचालन में कोहरे से होने वाली दिक्कतों को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। चालक को निर्देश दिया गया है कि विशेष एहतियात रखें। इलेक्ट्रिक ओईएच सेक्शन पर मार्कर का होना सुनिश्चित कराया जा रहा है। अधिकतम स्पीड को कंट्रोल करके यानी स्पीड को घटाकर 60 किमी प्रति घंटा रखने के निर्देश दिए गए हैं।